ग्रेटर नोएडा में की गई छात्राओं के आंखों की जांच, 16 की नजर मिली खराब, अब दिए जाएंगे फ्री चश्मे

top-news
ग्रेटर नोएडा के सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज में नेत्र जांच शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान 129 छात्राओं की के आंखों की जांच की गई। अब 16 छात्राओं को फ्री चश्मे दिए जाएंगे और 4 छात्राओं को आगे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

ग्रेटर नोएडा में छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल पर शहर के सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। स्कूल प्रशासन और चिकित्सा टीम के सहयोग से पूरे दिन व्यवस्थित तरीके से जांच की गई। इस दौरान छात्राओं को आंखों की देखभाल, पढ़ाई के दौरान सही दूरी बनाए रखने और मोबाइल या स्क्रीन के सीमित उपयोग जैसी जरूरी जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की पढ़ाई में आंखों से जुड़ी दिक्कतों को समय रहते पहचानना और उनका इलाज सुनिश्चित करना रहा।


129 छात्राओं की जांच, 16 को चश्मे की जरूरत पाई गई

यह शिविर आई केयर हॉस्पिटल और इंडिया यामाहा लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। शिविर के दौरान कुल 129 छात्राओं की आंखों की जांच की गई, जिसमें 16 छात्राओं को दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई और उन्हें चश्मा लगाने की सलाह दी गई। अस्पताल प्रशासन ने इन सभी छात्राओं को मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके अलावा चार छात्राओं को आगे के इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज भी निःशुल्क किया जाएगा। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच से बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों बेहतर बनाए जा सकते हैं।


सरकारी स्कूलों में आगे भी लगाए जाएंगे ऐसे शिविर

शिविर का नेतृत्व कर रही मेडिकल टीम ने बताया कि जिले के अन्य सरकारी स्कूलों में भी इसी तरह के नेत्र जांच शिविर लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। अधिकारियों का मानना है कि कई बार बच्चों की पढ़ाई कमजोर होने के पीछे नजर की समस्या छिपी होती है, जिसे समय रहते पहचाना जाना जरूरी है। स्कूल प्रबंधन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के आत्मविश्वास और स्वास्थ्य दोनों के लिए जरूरी हैं। अभिभावकों ने भी इस पहल को सराहा और कहा कि मुफ्त जांच व इलाज से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *