यमुना एक्सप्रेस वे पर फिर हटी स्पीड लिमिट की पाबंदी, फिर 80 से 100 की रफ्तार भर सकेंगे भारी और हल्के वाहन, कोहरे में लगा था प्रतिबंध
- Shiv Kumar
- 16 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा से लगाई गई पाबंदी हटा दी गई है। प्रशासन ने मौसम में सुधार को देखते हुए स्पीड लिमिट को दोबारा पहले जैसा कर दिया है। अब हल्के वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। नई व्यवस्था 15 फरवरी की रात 12 बजे से लागू कर दी गई। सर्दियों के दौरान कोहरे और कम दृश्यता के कारण गति सीमा अस्थायी रूप से कम की गई थी, ताकि हादसों पर नियंत्रण रखा जा सके।
कोहरे के कारण घटाई गई थी स्पीड, अब हालात सामान्य
एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने 15 दिसंबर 2025 से सर्दियों के मौसम को देखते हुए वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटा दी थी। उस दौरान हल्के वाहनों को 75 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों को 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई थी। अब मौसम साफ होने और कोहरे की स्थिति कम होने पर यह प्रतिबंध हटा दिया गया है। करीब 165 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे आगरा तक जाता है और रास्ते में अलीगढ़, हाथरस और मथुरा जैसे प्रमुख जिलों को जोड़ता है। इस मार्ग पर चलने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।
रोज गुजरते हैं हजारों वाहन, वीकेंड पर बढ़ जाता है ट्रैफिक
यमुना एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। इस मार्ग से रोजाना करीब 35 हजार वाहन गुजरते हैं। वहीं वीकेंड, त्योहारों और लंबी छुट्टियों के दौरान यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाती है। तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए सर्दियों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पीड कम की जाती है। अब हालात सामान्य होने पर फिर से पुरानी गति सीमा लागू कर दी गई है। इसी तरह नोएडा एक्सप्रेसवे और शहर की प्रमुख सड़कों पर भी कोहरे के कारण घटाई गई गति सीमा को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






