इकोटेक पुलिस ने मंदिरों में चोरी करने वाले दो चोरों को दबोचा, चांदी और धातुओं के सामान बरामद
- Shiv Kumar
- 17 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के सैनीपुरा गांव स्थित जैन मंदिर से प्राचीन प्रतिमा और चांदी के धार्मिक सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मंदिर में कार्यरत दो लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया था। शिकायत मिलने के बाद थाना इकोटेक-3 पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से चोरी किया गया अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत देखी जा रही है।
मंदिर से अष्टधातु प्रतिमा और चांदी के धार्मिक सामान की हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी को सैनीपुरा गांव के जैन मंदिर से चांदी की पांडुशिला, नारियल, कलश और लगभग 800 वर्ष पुरानी अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा चोरी होने की सूचना मिली थी। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि मंदिर में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने ही सामान चोरी कर लिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें पकड़ लिया। चोरी की घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं में काफी नाराजगी थी, क्योंकि मंदिर की प्रतिमा काफी प्राचीन और आस्था से जुड़ी मानी जाती है।
पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर आरोपियों को भेजा जेल
उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम ने सुनपुरा गांव क्षेत्र से आरोपी मुलायम सिंह और चेतन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से अष्टधातु की प्रतिमा, चांदी की पांडुशिला के आठ टुकड़े, चांदी का नारियल और कलश बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर आगे और सतर्कता बरती जाएगी ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






