ग्रेटर नोएडा में रजवाहे और कुएं में मिले गोवंश के अवशेष, मच गया हड़कंप, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-21 स्थित निर्माणाधीन फिल्म सिटी के पास रजवाहे और कुएं में गोवंश के अवशेष मिले हैं। इस घटना से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने विरोध जताया है। पुलिस ने अवशेष परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर-21 में निर्माणाधीन फिल्म सिटी के पास गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रजवाहे और पास के कुएं में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना फैली। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। माहौल को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। एहतियातन पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की घटना न हो।


ग्रामीणों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल, पुलिस पर ढिलाई के आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि निर्माणाधीन फिल्म सिटी परिसर के अंदर मौजूद एक अन्य कुएं में भी गोवंश के अवशेष पड़े हैं। इसको लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि जब क्षेत्र में पहले से सुरक्षा व्यवस्था लागू है और पुलिस की निगरानी रहती है, तब इस तरह की घटना होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है। कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन पर ढिलाई बरतने का आरोप भी लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी मजबूत होती, तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।


मुख्यमंत्री की प्रस्तावित सभा से पहले घटना से बढ़ी संवेदनशीलता

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर सेक्टर-28 में 21 फरवरी को मुख्यमंत्री की प्रस्तावित सभा होनी है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बड़े स्तर पर सुरक्षा तैयारियां चल रही हैं, तब इस प्रकार की घटना बेहद चिंताजनक है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *