इंगेजमेंट के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से वेटर घायल, मच गया हड़कंप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
- Shiv Kumar
- 19 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में एक सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। फायरिंग में समारोह में काम कर रहे 18 वर्षीय वेटर पुष्पेंद्र को गोली लग गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
फोटो खींचने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि देव विहार कॉलोनी, गाजियाबाद निवासी पुष्पेंद्र को गोली लगी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राम बिसरख स्थित अंकित भाटी के घर सगाई समारोह चल रहा था, जहां पुष्पेंद्र वेटर के रूप में कार्य कर रहा था। बताया गया है कि समारोह में कुछ युवक शराब के नशे में तस्वीरें खिंचवा रहे थे। उन्होंने कई बार पुष्पेंद्र से फोटो खींचने को कहा। जब वह आगे नहीं आया, तो कथित तौर पर जोश में आकर फायरिंग कर दी गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद घायल को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिसरख थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से समारोहों में हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






