नोएडा के स्कूलों को पंजाबी भाषा में दी गई धमकी, 44 शब्दों के मेल में दो बार बम और खालिस्तान नेता का जिक्र
- Shiv Kumar
- 20 Feb, 2026
नोएडा के 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में जांच में बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि धमकी भरा यह ईमेल पंजाबी भाषा में लिखा गया था और महज 44 शब्दों का था। मेल में बम के लिए दो अलग-अलग कोड वर्ड का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही एक खालिस्तानी नेता का जिक्र भी किया गया था। धमकी में मेट्रो को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए सभी स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाया। हालांकि स्कूलों और मेट्रो स्टेशनों में किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
आईटी और साइबर सेल ने क्रेक किए कोड, एक साथ भेजा गया था मेल
जांच में जुटी आईटी और साइबर सेल की टीम ने ईमेल में इस्तेमाल किए गए कोड वर्ड को डिकोड किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुबह करीब 8:30 बजे यह ईमेल सभी 12 स्कूलों को एक साथ भेजा गया था। मेल में खालिस्तानी आंदोलन और तीन साल पहले मारे गए एक खालिस्तानी नेता का उल्लेख किया गया था। पुलिस उस आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, जिससे यह ईमेल भेजा गया। अधिकारियों का मानना है कि इस मेल का उद्देश्य दहशत फैलाना और परीक्षाओं को प्रभावित करना हो सकता है।
जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान, पहले भी आ चुके हैं धमकी भरे मेल
पुलिस ने सभी स्कूल परिसरों और संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले भी नोएडा के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें अरबी या अंग्रेजी भाषा का प्रयोग किया गया था। हालांकि, पहली बार पंजाबी भाषा और कोड वर्ड का उपयोग सामने आया है।
पुलिस ने बरती सतर्कता, स्कूल प्रबंधन को जारी की सलाह
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि सभी 12 स्कूलों में सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई है और फिलहाल कोई प्रतिकूल स्थिति सामने नहीं आई है। स्कूल प्रबंधन को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। ईमेल की तकनीकी जांच साइबर टीम द्वारा गंभीरता से की जा रही है।
एसटीएफ पहले भी कर चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि 14 फरवरी को एसटीएफ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी क्षेत्र से एक गिरोह को गिरफ्तार किया था, जो स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजने के मामले में शामिल था। आरोपियों के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ था, जिससे पूर्व में भी कई स्कूलों को धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






