नोएडा को साफ-सफाई में नंबर वन पर लाने का प्रयास, सभी 10 सर्किल से जोड़ी गई सफाई व्यवस्था, दो वरिष्ठ प्रबंधक बनाए गए नोडल

top-news
नोएडा में सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को 10 सर्किलों से जोड़ा गया। नई व्यवस्था में संयुक्त समन्वय से कार्य होगा। नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और सेक्टर-94 कार्यालय में नियमित बैठकें होंगी।

नोएडा शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने जन स्वास्थ्य विभाग को 10 सिविल/वर्क सर्किलों के साथ जोड़ने का निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था के तहत जन स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी संबंधित सर्किल कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि संयुक्त प्रयासों से नोएडा की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए और शहर को स्वच्छता रैंकिंग में पहले से बेहतर स्थान दिलाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जन स्वास्थ्य विभाग को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए उसे 10 सिविल डिवीजन के साथ समेकित किया गया है। विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों और सुविधाओं का निस्तारण पहले की तरह समयबद्ध ढंग से किया जाएगा।


नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, दो खंडों में बांटी गई जिम्मेदारी

नई व्यवस्था के तहत जन स्वास्थ्य खंड-प्रथम, जो वर्तमान में वर्क सर्किल 01 से 05 में सम्मिलित है, के लिए कपिल सिंह (वरिष्ठ प्रबंधक) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनके साथ महाप्रबंधक एस.पी. सिंह  समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं जन स्वास्थ्य खंड-द्वितीय, जो वर्क सर्किल 06 से 10 तक विस्तारित है, के लिए प्रवीण सलोनिया (वरिष्ठ प्रबंधक) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके साथ महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा और विशेष कार्याधिकारी इंदुप्रकाश सिंह सहयोग करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।


सेक्टर-94 कार्यालय में होंगी नियमित बैठकें

सेक्टर-94 स्थित कार्यालय में स्वास्थ्य कर्मियों से संबंधित शिकायतों, मांगों और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। विभिन्न एजेंसियों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की गई  कि वे नई व्यवस्था के तहत बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।प्राधिकरण का उद्देश्य है कि शहरवासियों के सहयोग से नोएडा को स्वच्छता के क्षेत्र में मिले पुरस्कारों को बरकरार रखा जाए और भविष्य में भी शहर को ‘नंबर वन’ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *