नोएडा ATS का बड़ा एक्शन, पंजाब से खालिस्तानी आतंकी सुखविंदर सिंह ढिल्लो को किया गिरफ्तार, कई बड़े कारनामों में नाम
- Shiv Kumar
- 20 Feb, 2026
नोएडा पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (केसीएफ) के एक सक्रिय सदस्य को पंजाब से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह ढिल्लो (63) निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुखविंदर सिंह को 18 अप्रैल 1993 को सेक्टर-20, नोएडा क्षेत्र से एके-56 राइफल और 121 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे गौतमबुद्धनगर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 9 दिसंबर 1993 को जमानत मिल गई थी। 16 अगस्त 1995 को वह फरार हो गया, जिसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
खरड़ में छिपा था आरोपी, ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया नोएडा
एटीएस की नोएडा यूनिट को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने मूल पते कपूरथला में नहीं रह रहा है, बल्कि पंजाब के खरड़ में छिपा हुआ है। इसके बाद एटीएस और गौतमबुद्धनगर पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पंजाब की अदालत में पेश किया गया, जहां से नोएडा पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड मांगी। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद उसे नोएडा लाया गया। यहां स्थानीय कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुखविंदर सिंह के खिलाफ 1983 में कपूरथला में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने का पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद 1987 में भी जुआ खेलने के दो मामले दर्ज किए गए।
6 जनवरी 1984 को जालंधर में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ, जबकि 23 जून 1984 को अवैध हथियार रखने का मामला सामने आया। 10 जुलाई 1985 को फगवाड़ा में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ। इसके अलावा 19 मई 1992 को कपूरथला में हत्या का एक और मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क और संभावित संपर्कों की जांच की जा रही है। एटीएस और नोएडा पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






