नोएडा में भाजपा नेता ने बेटी की शादी में लिया एक रुपये शगुन, लोगों से की दहेज न लेने की अपील

top-news
ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में भाजपा नेता जितेंद्र भाटी ने पुत्र के विवाह में केवल 1 रुपये का शगुन स्वीकार कर दहेज मुक्त शादी की मिसाल पेश की। सादगीपूर्ण समारोह की जिलेभर में सराहना हो रही है।

ग्रेटर नोएडा साकीपुर गांव में भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र भाटी ने अपने पुत्र अनिकेत भाटी के विवाह में दहेज प्रथा को पूरी तरह त्यागकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विवाह समारोह में मात्र 1 रुपये का शगुन स्वीकार कर यह संदेश दिया कि रिश्ते सम्मान और सादगी से बनते हैं, लेन-देन से नहीं।गुरुवार को अनिकेत भाटी का विवाह दिल्ली के बिहारीपुर निवासी प्रवीण  की पुत्री निखिता के साथ संपन्न हुआ। विवाह की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्णतः ‘दहेज मुक्त’ होना रहा। लगन और सगाई के दौरान भी उपहारों के स्थान पर केवल 1 रुपये का प्रतीकात्मक टीका स्वीकार किया गया।


विदाई में भी सादगी, फिजूलखर्ची से बनाई दूरी

विदाई के समय भी कन्या पक्ष से किसी प्रकार की कीमती वस्तु या नकदी लेने के बजाय केवल 1 रुपये का कन्यादान स्वीकार किया गया। शादी में अनावश्यक खर्च से बचने के लिए बारात में डीजे और शोर-शराबे से दूरी बनाई गई। सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस विवाह ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि शादी दिखावे का माध्यम नहीं, बल्कि दो परिवारों के मिलन का पवित्र अवसर है।


जिले में हो रही सराहना, समाज को दिया सकारात्मक संदेश

जितेंद्र भाटी के इस कदम की पूरे जिले में सराहना हो रही है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इसे दहेज जैसी कुरीति के खिलाफ मजबूत संदेश बताया है। यह पहल उन लोगों के लिए एक सीख है जो विवाह को आर्थिक बोझ बना देते हैं। इस दहेज मुक्त विवाह ने यह साबित किया कि यदि समाज के जिम्मेदार लोग आगे बढ़कर पहल करें, तो सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने की दिशा में ठोस बदलाव संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *