प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की थी पति की हत्या, अब आरोपी महिला समेत 4 गिरफ्तार, वेलेंटाइन डे के एक दिन बाद मिली थी लाश

top-news
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में प्रेम संबंध और घरेलू विवाद की बात सामने आई है। मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ।

ग्रेटर नोएडा दादरी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद और अवैध संबंध के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि 16 फरवरी को दादरी थाना क्षेत्र की शिव वाटिका के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मृतक की पहचान ग्राम घोड़ी बछेड़ा निवासी गोविंद रावल के रूप में हुई। मृतक के भाई की तहरीर पर दादरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए चार टीमें गठित की थीं।


मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

पुलिस ने गुरुवार सुबह घोड़ी निवासी रोहित रावल और दादरी निवासी नफीस को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में नफीस घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में दो अन्य आरोपियों धर्मेंद्र और मृतक की पत्नी प्रीति को भी गिरफ्तार किया गया है।


प्रेम संबंध और मारपीट से उपजा विवाद

पूछताछ में रोहित ने बताया कि गोविंद शराब पीकर अपनी पत्नी प्रीति के साथ अक्सर मारपीट करता था। रोहित और प्रीति के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। प्रीति पति की मारपीट से परेशान थी और उसने रोहित से गोविंद को रास्ते से हटाने की बात कही थी। योजना के तहत 12 फरवरी को रोहित, गोविंद को अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ बुलाकर ले गया। दादरी से एक अन्य साथी नफीस को भी बुलाया गया। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। बाद में एक खाली प्लॉट में नशे की हालत में गोविंद पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बाउंड्री के किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य संबंधित सामान बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *