बिसरख में युवक-युवतियों से मारपीट के मामले में धरा गया तीसरा आरोपी, गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद
- Shiv Kumar
- 20 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 14 फरवरी की रात हुई मारपीट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी फिरोज को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे चार मूर्ति के पास से पकड़ा। फिरोज गाजियाबाद के डासना का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल बैट भी बरामद किया गया है। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और अब तीसरे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इलाके में इस घटना को लेकर पहले से ही काफी तनाव का माहौल बना हुआ था।
14 फरवरी की रात क्या हुआ था?
जानकारी के मुताबिक 14 फरवरी की रात आयुष और वेदांत अपनी बहन और उसकी दोस्त के साथ आम्रपाली लेजर वैली सोसायटी से क्रेटा कार में कहीं जा रहे थे। रास्ते में शाहरुख, फिरोज और अजीम ने अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी कर रखी थी। आयुष ने रास्ता साफ करने के लिए हॉर्न बजाया, लेकिन काफी देर तक गाड़ी नहीं हटाई गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि आयुष और वेदांत अपनी गाड़ी लेकर आगे बढ़ गए, लेकिन आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनका पीछा किया और रास्ते में गाड़ी रुकवाकर मारपीट शुरू कर दी।
लड़कियों के साथ भी मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने न सिर्फ आयुष और वेदांत के साथ मारपीट की, बल्कि उनके साथ मौजूद दोनों लड़कियों के साथ भी हाथापाई की। एक लड़की को बालों से पकड़कर सड़क पर पटकने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद सभी आरोपी पीड़ितों को घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में काफी गुस्सा देखा गया।
संगठनों का विरोध और पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद कई हिंदू और जाट संगठन सक्रिय हो गए। 15 फरवरी को पुलिस ने शाहरुख और अजीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 17 फरवरी को कई संगठनों ने बिसरख थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पुलिस को 25 फरवरी तक का समय दिया। अब फिरोज की गिरफ्तारी के साथ कुल तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






