ग्रेटर नोएडा में एक घंटे स्कूल के बाथरूम में बंद रही छात्रा, परिजनों ने की शिकायत, स्कूल ने कहा- ऐसा कुछ नहीं

top-news
ग्रेटर नोएडा के रयान इंटरनेशनल स्कूल में सातवीं की छात्रा करीब एक घंटे तक बाथरूम में बंद रही। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी क्षेत्र स्थित रयान इंटरनेशनल स्कूल में सातवीं कक्षा की एक छात्रा के करीब एक घंटे तक बाथरूम में बंद रहने का मामला सामने आया है। घटना 19 फरवरी की दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इंटरवल के दौरान छात्रा वॉशरूम गई थी, तभी किसी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। परिजनों के अनुसार, छात्रा अंदर से लगातार चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन काफी देर तक किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। करीब एक घंटे बाद एक महिला सफाई कर्मचारी ने उसकी आवाज सुनी और दरवाजा खोला। बाहर आने के बाद बच्ची बेहद घबराई हुई थी। परिवार का कहना है कि वह अब भी सदमे में है।


परिजनों का आरोप, स्कूल ने घटना से किया इनकार

बोड़ाकी गांव निवासी छात्रा के पिता अशोक भाटी ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी, लेकिन प्रबंधन ने इस तरह की किसी घटना से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन ने साफ कहा कि कोई भी बच्चा बाथरूम में बंद नहीं हुआ था। पिता का आरोप है कि अगर समय पर सफाई कर्मचारी आवाज न सुनतीं तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि बच्ची काफी डरी हुई है और मानसिक रूप से परेशान है।


जिलाधिकारी से की शिकायत, सीसीटीवी जांच की मांग

स्कूल की प्रतिक्रिया से असंतुष्ट परिजनों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से साफ हो जाएगा कि दरवाजा किसने बंद किया था। परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होती है और इस तरह की घटना गंभीर लापरवाही दर्शाती है। फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक स्तर पर शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *