यमुना प्राधिकरण की जमीन पर उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की तैयारी, कल सेक्टर-28 में रखी जाएगी आधारशिला

top-news
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़ेंगे, जबकि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28 में शुक्रवार को उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे। प्रशासन इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।


तैयारियों में जुटा प्रशासन, बड़े स्तर पर आयोजन

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं। सेक्टर-28 में जनसभा के लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है, जबकि जनसभा क्षेत्र में लगभग 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। यह सेमीकंडक्टर यूनिट उत्तर भारत की पहली ऐसी परियोजना मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में हाई-टेक इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को टेक्नोलॉजी हब के रूप में नई पहचान मिलेगी।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रूट डायवर्जन लागू

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके में रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो और कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3 डीसीपी, 5 एडीसीपी, 13 एसीपी समेत भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। यह कार्यक्रम प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स और चिप निर्माण के क्षेत्र में नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। उद्योग जगत की भी इस परियोजना पर खास नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *