सेमीकंडक्टर यूनिट का आज सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, वर्चुअल जुड़ेंगे पीएम मोदी, 3700 करोड़ के निवेश के साथ 4 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

top-news
ग्रेटर नोएडा की यमुना सिटी में प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव रखी जाएगी। 3706 करोड़ के निवेश वाली इस परियोजना से 4 हजार रोजगार मिलेंगे। प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़ेंगे और सरकार इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।

ग्रेटर नोएडा की यमुना सिटी आज एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह परियोजना मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की जा रही है, जो एच.सी.एल और फॉक्सकॉन का जॉइंट वेंचर है। सेक्टर-28 में 48 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस यूनिट में करीब 3706.15 करोड़ रुपये का निवेश होगा। उम्मीद है कि इससे सीधे तौर पर लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और भारत की सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 


रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद बदली तस्वीर, क्यों जरूरी है ये यूनिट

दुनिया भर में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई थी। सेमीकंडक्टर चिप्स की कमी का असर ऑटोमोबाइल, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर पर साफ दिखा। कारों की लंबी वेटिंग और इलेक्ट्रॉनिक सामान की बढ़ती कीमतें इसी संकट का नतीजा थीं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर उत्पादन शुरू होना बड़ी रणनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है। सेमीकंडक्टर दरअसल सिलिकॉन से बनी एक चिप होती है, जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का दिमाग मानी जाती है। कंप्यूटर, लैपटॉप, स्मार्टफोन, एटीएम, अस्पतालों की मशीनें और आधुनिक वाहन—सब इन चिप्स पर निर्भर हैं। मांग बढ़ने पर इनकी जरूरत भी तेजी से बढ़ती है। इस यूनिट के शुरू होने से आयात पर निर्भरता घटेगी और देश में तकनीकी मजबूती आएगी।


क्या बनाएगी कंपनी और कितनी होगी क्षमता

इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड प्रतिदिन 2,40,000 यूनिट स्मॉल पैनल ड्राइवर आईसी और डिस्प्ले इंटीग्रेटेड सर्किट का निर्माण करेगी। इसके लिए रोजाना करीब 19 हजार केवीए बिजली और 2000 एमएलडी पानी की आवश्यकता होगी। सेमीकंडक्टर पार्क में अब तक कुल पांच कंपनियां आवेदन कर चुकी हैं। सेक्टर-28 में पहली इकाई को जमीन मिल चुकी है, जबकि अन्य कंपनियों को सेक्टर-10 में जगह दी जाएगी। सरकार की स्कीम के तहत सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब्रिकेशन यूनिट्स को 50 प्रतिशत तक आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के जरिए लंबी रणनीति पर काम होगा। आने वाले 2 से 4 वर्षों में दो डिस्प्ले फैब्रिकेशन और दो सेमीकंडक्टर फैक्ट्री स्थापित करने की योजना है, जिन पर 30 से 50 हजार करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य रखा गया है।


सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय

मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे इंडिया चिप बूथ का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दीप प्रज्वलन, अतिथि स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 5:16 बजे से 5:30 बजे तक मुख्यमंत्री का संबोधन प्रस्तावित है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर परियोजनाओं का अनावरण और संबोधन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सॉइल टर्निंग की प्रक्रिया भी संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *