ऑनलाइन बुक की कार, फिर यमुना एक्सप्रेसवे पर ड्राइवर से की मारपीट, छीन लिया नकदी और मोबाइल
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन कैब बुकिंग के जरिए दिल्ली से कार मंगाकर चालक से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। हरियाणा के सेहतपुर गांव निवासी राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि बृहस्पतिवार तड़के दो बजे एक ऑनलाइन एप के माध्यम से उनकी अर्टिगा कार मेट्रो स्टेशन द्वारका, दिल्ली से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बुक की गई थी। कार में मुख्य बुकिंग करने वाले व्यक्ति के साथ तीन अन्य लोग भी सवार हो गए। पीड़ित के अनुसार, टोल प्लाजा तक छोड़ने की बात तय थी, लेकिन आगे जाकर विवाद हो गया। मारपीट के दौरान चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका मोबाइल फोन व पांच हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्राइविंग सीट से उतरने का दबाव, फिर हमला
पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब चार बजे जब कार यमुना एक्सप्रेसवे के साबौता इंटरचेंज के पास पहुंची, तो कार में सवार चारों लोगों ने उन्हें ड्राइविंग सीट से उतरने को कहा। चालक ने जब इसका विरोध किया और तय स्थान से आगे जाने से मना किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। राकेश के सिर और मुंह पर भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये भी गायब हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, तलाश जारी
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के मुताबिक, टैक्सी बुक करने वालों ने चालक से किशोरपुर गांव तक छोड़ने की मांग की थी, जबकि चालक एक्सप्रेसवे से आगे जाने को तैयार नहीं था। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व ऑनलाइन बुकिंग डिटेल खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






