ग्रेटर नोएडा में रिटायर्ड फौजी को लगाया तगड़ा चूना, फ्लैट के नाम पर फंसाया, फिर 61 लाख हड़पे
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में फ्लैट दिलाने के नाम पर एक सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल से 61 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जीवन भर की कमाई घर के सपने में लगाने वाले पीड़ित अब पत्नी और दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। गुरुग्राम के जलवायु टावर निवासी सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल शंभुनाथ ठाकुर ने आरोप लगाया है कि रियल एस्टेट कारोबारियों ने फ्लैट का सौदा तय कर उनसे किस्तों में रकम ले ली, लेकिन रजिस्ट्री करने से मुकर गए। पीड़ित की गुहार पर कोर्ट ने बीटा-2 कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
डेढ़ करोड़ में तय हुआ सौदा, 61 लाख का भुगतान
शंभुनाथ ठाकुर की नवंबर 2023 में रियल एस्टेट कारोबारी राजू से मुलाकात हुई थी। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई-1 में फ्लैट खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद राजू ने समीना अहमद उर्फ डिंपल और सौरभ, निवासी गगन कॉम्प्लेक्स सिविल लाइन ईस्ट कानपुर, से संपर्क कराया। आरोप है कि आरोपितों ने डेढ़ करोड़ रुपये में फ्लैट का सौदा तय किया और उसी दिन एक लाख रुपये टोकन मनी के रूप में ले लिए। दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए गए। पीड़ित का कहना है कि 31 नवंबर 2025 तक विभिन्न माध्यमों से करीब 61 लाख रुपये दे दिए गए, लेकिन इसके बावजूद अंतिम डीड को लेकर टालमटोल शुरू कर दी गई।
दबाव बनाने पर गाली-गलौज, कोर्ट की शरण
पीड़ित के मुताबिक जब उन्होंने रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया तो आरोपितों ने अभद्रता की। संदेह होने पर उन्होंने जानकारी जुटाई तो पता चला कि कानपुर नगर कोतवाली में भी आरोपितों के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। बीटा-2 कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश की प्रति मिलते ही आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






