ग्रेटर नोएडा में पीएम मोदी व सीएम योगी ने रखी सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला, 4 हजार करोड़ से 48 एकड़ में बनेगा उत्तर भारत का पहला सेमीकंडक्टर पार्क
- Shiv Kumar
- 21 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-28, यमुना सिटी में उत्तर भारत के पहले सेमीकंडक्टर पार्क की आधारशिला रखी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली जुड़कर ‘इंडिया चिप’ सेमीकंडक्टर यूनिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, सांसद महेश शर्मा और विधायक धीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
48 एकड़ में बनेगा हाईटेक सेमीकंडक्टर हब
यह परियोजना सेक्टर-28 में करीब 48 एकड़ जमीन पर विकसित की जाएगी। मैसर्स India Chip Private Limited द्वारा स्थापित की जा रही इस यूनिट में लगभग 3706 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यह कंपनी एचसीएल और Foxconn का संयुक्त उपक्रम है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस यूनिट के शुरू होने से यमुना सिटी क्षेत्र टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र बन सकता है। सेमीकंडक्टर यूनिट आने से डिजाइन हाउस, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर और स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम बोले—भारत टेक्नोलॉजी पावर हाउस बनने की राह पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दुनिया को चलाने के लिए प्रोसेसिंग पावर जरूरी है और सेमीकंडक्टर इसका आधार है। यह फैक्ट्री टेक्नोलॉजी पावर हाउस के रूप में काम करेगी और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और अब देश वैश्विक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का मजबूत हिस्सा बनने जा रहा है।
सीएम योगी ने विकास और कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अलग थी, लेकिन अब जेवर और यमुना सिटी देश के विकास मानचित्र पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि सेमीकंडक्टर फाउंडेशन टेक्नोलॉजी है, जिसके आने से विभिन्न क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग को गति मिलती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






