एक्सप्रेस वे पर वाहनों का लोड कम करने की तैयारी, दोनों तरफ बनेगी 45 मीटर चौड़ी रोड, जल्द होगा जमीन का अधिग्रहण

top-news
नोएडा एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए 45 मीटर सेक्टर रोड को बैकअप कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। सेक्टर 163-167 के बीच जमीन अधिग्रहण कर गैप भरे जाएंगे। साथ ही 11.5 किमी पुश्ता रोड की री-सर्फेसिंग भी की जाएगी।

नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए दोनों ओर विकसित की जा रही 45 मीटर चौड़ी सेक्टर रोड को अब प्राथमिकता दी जा रही है। इसे एक्सप्रेसवे के बैकअप कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर यातायात को यहां मोड़ा जा सके। इस सड़क का अधिकांश हिस्सा बन चुका है, लेकिन तीन स्थानों पर 74 मीटर, 75 मीटर और 81.5 मीटर के गैप होने के कारण यह मार्ग लगातार उपयोग में नहीं आ पा रहा है। ये रुकावटें सेक्टर 163 और 167 के बीच हैं और कुल करीब 2.5 एकड़ भूमि अधिग्रहण से जुड़ी हैं।


सेक्टर निवासियों को मिलेगा एंड-टू-एंड रास्ता

इन अधूरे हिस्सों की वजह से सेक्टर 150, 151, 152, 153, 155, 163, 167, 135 और 168 के निवासी इस सड़क का सीधा और लगातार इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। मजबूरी में वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे पर चढ़ना पड़ता है, जिससे ट्रैफिक और बढ़ जाता है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इन पैच को जल्द सुलझाने की रणनीति बनाई गई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क को जोड़कर कॉरिडोर को निरंतर रूप से चालू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह रोड भविष्य में एक्सप्रेसवे की लाइफ लाइन साबित होगी।


पुश्ता रोड की भी होगी मरम्मत

अधिकारियों के अनुसार बढ़ते ट्रैफिक वॉल्यूम, डीएनडी, चिल्ला और कालिंदी कुंज से आने वाले दबाव तथा आगामी एयरपोर्ट संचालन को देखते हुए समानांतर मार्ग की आवश्यकता और बढ़ गई है। फिलहाल 45 मीटर सेक्टर रोड को मजबूत कर चालू करना प्राथमिकता है, जबकि लंबे समय के लिए पैरेलल एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव राज्य और केंद्र की मंजूरी पर निर्भर है। साथ ही करीब 11.5 किलोमीटर लंबी चार लेन पुश्ता रोड की री-सर्फेसिंग भी कराई जाएगी। इस पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सिंचाई विभाग ने अनुमति दे दी है और धनराशि मिलने के बाद प्राधिकरण कार्य शुरू करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *