नोएडा में जल्द शुरू होंगे तीन मेट्रो प्रोजेक्ट, ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 से नॉलेज पार्क-5 तक होगा विस्तार

top-news
नोएडा में अप्रैल में तीन मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास होगा। सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन, सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 और डिपो से बोड़ाकी तक विस्तार शामिल है। इन प्रोजेक्ट्स से एयरपोर्ट और आरआरटीएस कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

नोएडा में मेट्रो विस्तार को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। अप्रैल महीने में तीन अहम मेट्रो प्रोजेक्ट का एक साथ शिलान्यास किया जाएगा। इनमें सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन, ग्रेटर नोएडा डिपो से जुनपत/बोड़ाकी और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक के रूट शामिल हैं। दो रूट को आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय (महुआ) से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि तीसरे प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि एक साथ शिलान्यास से काम की रफ्तार बढ़ेगी और प्रोजेक्ट तय समय में पूरे हो सकेंगे। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।


सेक्टर-142 से बोटेनिकल गार्डन तक 11.56 किमी कॉरिडोर

नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) के एमडी कृष्णा करुणेश ने बताया कि 11.56 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर स्वीकृत हो चुका है। करीब 2,254.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस रूट पर 8 स्टेशन होंगे, जिनमें बोटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108 और सेक्टर-93 जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। इस परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस रूट से दिल्ली मेट्रो के बोटेनिकल गार्डन स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रियों का सफर और आसान होगा।


सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 और डिपो से बोड़ाकी विस्तार

तीसरा प्रस्तावित रूट सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक लगभग 7.5 किमी लंबा होगा, जिसमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122-123 और सेक्टर-4 स्टेशन शामिल होंगे। इसकी अनुमानित लागत करीब 1,000 करोड़ रुपये है। एमडी ने बताया कि पहले इसे नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित किया गया था, लेकिन अब आरआरटीएस कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-4 तक ले जाया जाएगा। वहीं एक्वा लाइन को डिपो स्टेशन से 2.6 किमी आगे बोड़ाकी तक बढ़ाने की डीपीआर को यूपी कैबिनेट मंजूरी दे चुकी है। करीब 416 करोड़ रुपये की लागत से जुनपत गांव और बोड़ाकी में नए स्टेशन बनेंगे। इन परियोजनाओं से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच और सुगम होने की उम्मीद है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *