ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दकनौर-सिकंदराबाद रोड पर हादसा, चालक फरार
- Shiv Kumar
- 25 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में मंगलवार देर रात दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
शादी समारोह से लौट रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के अमीपुर बांगर गांव निवासी पवन ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई नितिश मंगलवार रात एक शादी समारोह से अकेले बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जब वह दनकौर-सिकंदराबाद रोड से होते हुए बिलासपुर कस्बे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय लापरवाही बरतते हुए बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई। मामले में कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






