ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत, यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस में कार ने मारी टक्कर

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर कार की टक्कर से डिलीवरी बॉय प्रशांत की मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से जोमैटो के डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुलंदशहर जिले के जहांगीरपुर निवासी प्रशांत (35) के रूप में हुई है। हादसे के समय वह बाइक से ऑर्डर लेकर दनकौर की ओर जा रहे थे। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


नंबर प्लेट बाइक में फंसी, चालक फरार

परिजनों के अनुसार, पीछे से तेज गति से आई कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की नंबर प्लेट बाइक में फंस गई, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि हादसे के समय प्रशांत ने हेलमेट पहना हुआ था, इसके बावजूद चोटें गंभीर थीं।


मामला दर्ज, गिरफ्तारी का आश्वासन

मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशांत अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है और न्याय की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *