नोएडा में टला बड़ा हादसा, पुरानी बिल्डिंग तोड़ते समय भरभराकर गिरी, बगल वाली कंपनी के गार्डरूम पर गिरा मलबा, बाल-बाल बचे लोग

top-news
नोएडा फेज-2 में पुरानी बिल्डिंग तोड़ते समय बगल की कंपनी की बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। पड़ोसी कंपनी ने लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि ठेकेदार ने नियमों के तहत काम करने का दावा किया।

नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र में बुधवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक पुरानी और जर्जर बिल्डिंग को तोड़ते समय बगल की फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। यह बिल्डिंग संवर्धन मदरसन ग्रुप की बताई जा रही है, जिसे ध्वस्त किया जा रहा था। गनीमत यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए।


पड़ोसी कंपनी ने लापरवाही का लगाया आरोप

घटना के बाद बगल में स्थित तियानयिन वर्ल्डटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारियों ने मदरसन प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बिल्डिंग को बिना सक्षम प्राधिकरण की स्पष्ट अनुमति और जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना तोड़ा जा रहा था। कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, ध्वस्तीकरण के दौरान पर्याप्त सेफ्टी बैरिकेडिंग नहीं की गई थी और न ही संरचनात्मक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। इसी लापरवाही के चलते उनकी फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि यदि उस समय कर्मचारी वहां मौजूद होते तो गंभीर चोट या जानमाल का नुकसान हो सकता था।


ठेकेदार ने आरोप नकारे, नुकसान भरपाई का भरोसा

वहीं, ध्वस्तीकरण का कार्य कर रहे ठेकेदार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि काम तय प्रक्रिया और नियमों के तहत ही किया जा रहा था। दीवार गिरने की घटना को उन्होंने “अनपेक्षित तकनीकी कारण” बताया। ठेकेदार ने भरोसा दिलाया कि बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम को हुए नुकसान की मरम्मत जल्द कर दी जाएगी और संबंधित कंपनी को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से बातचीत की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा मानकों में कहीं चूक तो नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *