ग्रेटर नोएडा में नितिन हत्याकांड में पुलिस का एक और बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में दो आरोपियों को गोली मारकर दबोचा, अब तक कुल 5 गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 26 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के चर्चित नितिन हत्याकांड में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पुलिस को बड़ी सफलता मिली। ईकोटेक-1 थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के जहांगीरपुर निवासी सचिन और लुक्सर गांव निवासी विपिन उर्फ कल्ला के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की गई है।
इमलिया कट पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
घटना देर रात इमलिया कट के पास हुई, जहां पुलिस बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। घबराए आरोपी गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में आ गए। इसी दौरान दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।
पत्नी के सामने की थी नितिन की हत्या
बताया गया है कि इन आरोपियों ने लुक्सर गांव में नितिन नाम के युवक की उसके घर के बाहर पत्नी श्वेता के सामने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी फायरिंग करते दिखाई दिए थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पत्नी श्वेता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमें गठित की थीं। इससे पहले 23 फरवरी की रात एक अन्य आरोपी जीते को भी मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया। अब इन दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस इस हत्याकांड में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






