ग्रेटर नोएडा में नई सड़क चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट, 25 दिन पहले बनी सड़क टूटी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

top-news
ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में 25 दिन पहले बनी आरसीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाया है। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में आरसीसी सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। जुनेदपुर से रोशनपुर मार्ग पर करीब 25 दिन पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की ऊपरी परत कई जगहों से उखड़ने लगी है और सीमेंट-बजरी बाहर निकल रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण नई सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब इसे लेकर आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है।


ग्रामीणों ने लगाए घटिया निर्माण के आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से मुख्य मार्ग पर गहरे गड्ढों की समस्या थी। कई बार शिकायत और प्रदर्शन के बाद दनकौर-सिकंदराबाद रोड से जुनेदपुर होते हुए रोशनपुर तक सड़क बनाई गई थी। लोगों को उम्मीद थी कि अब आवागमन की समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क की परत उखड़ने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। इस मामले को लेकर ‘करप्शन फ्री इंडिया’ संगठन ने भी नाराजगी जताई है और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा

Greater Noida Authority के खिलाफ आंदोलन की घोषणा करते हुए ‘करप्शन फ्री इंडिया’ संगठन के जिला अध्यक्ष प्रेम प्रधान ने बताया कि शुक्रवार को प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के कोर कमेटी सदस्य मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों में इस मुद्दे को लेकर भारी नाराजगी है और वे सड़क की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर प्राधिकरण की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *