नोएडा में दो शातिर चोर गिरफ्तार, गाड़ियों से खोल लेते थे टायर, फिर करते थे ये काम, जानकर दंग रह जाएंगे आप
- Shiv Kumar
- 26 Feb, 2026
नोएडा थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को गंगा अपार्टमेंट के पीछे बने नाले के पास से दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेन्द्र पुत्र विजेन्द्र सिंह और सतीश कुमार पुत्र स्व. निहाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक इनके कब्जे से गाड़ियों से चोरी किए गए 9 टायर, 5000 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त कार (DL1ZD8161) बरामद की गई है। दोनों आरोपी लंबे समय से वाहन पार्ट्स चोरी की घटनाओं में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में खोले कई चोरी के राज
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में एक घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार के चारों टायर खोलकर चोरी किए थे। चोरी के टायरों को उन्होंने राह चलते ओला-उबर चालकों को कम कीमत पर बेच दिया और रकम आपस में बांट ली। इसके अलावा 9 फरवरी 2026 को सेक्टर-29 में एक घर के बाहर खड़ी बलेनो कार का एक टायर भी चोरी करने की बात कबूली। इन मामलों में थाना सेक्टर-24 और थाना सेक्टर-20 में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त भूपेन्द्र निवासी सेक्टर-52 नोएडा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कई धाराओं में 14 से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं सतीश कुमार निवासी छपरौला, गाजियाबाद की भी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 0068/2026 धारा 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






