नोएडा में महिला का मोबाइल किया हैक, 3.72 लाख रुपये किए पार, पांच दिन तक करते रहे खरीदारी, ओटीपी कर दिया बायपास
- Shiv Kumar
- 27 Feb, 2026
नोएडा के फेज वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-15 में रहने वाली एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से 3.72 लाख रुपये उड़ा लिए। हैरानी की बात यह है कि महिला को इस धोखाधड़ी की भनक तब लगी, जब उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड का बिल आया। बिल में भारी भरकम रकम की खरीदारी देख उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने तुरंत फेज वन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ठगों ने किस तरह मोबाइल और कार्ड की जानकारी हासिल की।
पांच दिन में उड़ाए लाखों रुपये
पीड़िता रुचिका बक्शी सेक्टर-15 में रहती हैं और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 में आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाया था, लेकिन उसका ज्यादा इस्तेमाल नहीं कर रही थीं। 9 फरवरी को जब उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड का बिल आया तो पता चला कि 10 जनवरी से 14 फरवरी के बीच 3.72 लाख रुपये की खरीदारी की गई है। यह रकम अलग-अलग ट्रांजेक्शन में खर्च की गई थी। रुचिका का कहना है कि उन्होंने इस दौरान कोई खरीदारी नहीं की और न ही किसी को अपने कार्ड की जानकारी दी। अचानक इतनी बड़ी रकम खर्च होना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं था।
एप डिलीट कर दिया, ओटीपी भी नहीं किया साझा
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। रुचिका के मोबाइल से क्रेडिट कार्ड की एप भी डिलीट कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा नहीं किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। जब उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया तो ठगी की पुष्टि हुई। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्रेडिट कार्ड से हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित खातों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ठगी में किस तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






