ग्रेटर नोएडा में फ्लॉवर शो का आगाज, चारों ओर फैली फूलों की खुशबू, ऑपरेशन सिंदूर और ड्रोन शो से कार्यक्रम में लगे चार चांद
- Shiv Kumar
- 27 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिरभोज पार्क (सिटी पार्क) में पुष्प प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हो गया है। यह रंग-बिरंगी प्रदर्शनी 1 मार्च तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। शहर के लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्क में अलग-अलग किस्म के फूलों, अनोखी कलाकृतियों और थीम बेस्ड सजावट ने माहौल को पूरी तरह उत्सव में बदल दिया है। खास बात यह है कि इस बार पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया गया है, जिसने उद्घाटन के दिन ही दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर तैयार फूलों की विशेष आकृति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पार्किंग और प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग परिवार के साथ इसका आनंद ले सकें।
सांसद ने किया उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शुरुआत
पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, प्रभारी प्रमोद गुप्ता और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, श्रीलक्ष्मी वीएस और सुमित यादव की मौजूदगी में किया। उद्घाटन के दौरान दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत भी की गई। स्कूली छात्रों ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को खास बना दिया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत से होती है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ प्रदर्शनी देखने जरूर आएं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से प्राधिकरण कर्ज मुक्त हुआ है और अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
ड्रोन शो और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम ने खींचा ध्यान
इस बार की प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ड्रोन शो रहा। रात होते ही आसमान में ड्रोन की रोशनी से भारत का नक्शा, अयोध्या मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आकृतियां उभरती नजर आईं। यह नजारा देख दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। पहली बार आयोजित इस शो ने पूरे आयोजन को एक अलग पहचान दे दी है। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर फूलों से बनाई गई विशेष आकृति ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी इसकी सराहना की और यादगार के तौर पर तस्वीरें लीं। इसके अलावा फूलों से बना टाइगर, शिमला मिर्च से तैयार हार्ट शेप और राष्ट्रीय पक्षी मोर की आकृति लोगों को खूब पसंद आ रही है। बड़ी संख्या में लोग यहां सेल्फी और फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






