नितिन हत्याकांड की वजह आई सामने, भाई की मौत के बदले में मर्डर, डेढ़ साल बाद पत्नी के सामने गोलियों से भूना
- Shiv Kumar
- 27 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा में चर्चित नितिन नागर हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात अचानक नहीं, बल्कि डेढ़ साल से पल रही दुश्मनी का नतीजा थी। पुलिस के मुताबिक, राजेश और उसका भांजा नितिन बदला लेने की साजिश रच रहे थे। इस रंजिश की जड़ मार्च 2024 में हुई विनय नागर की हत्या से जुड़ी बताई जा रही है। विनय ठेकेदारी का काम करता था और उसकी हत्या का आरोप नितिन नागर पर लगा था। मामले के बाद नितिन ने दिल्ली की अदालत में सरेंडर किया था और जेल चला गया था। इसी दौरान घटनाओं ने ऐसा मोड़ लिया, जिसने आगे चलकर खूनी अंजाम ले लिया।
पिता की हत्या के बाद गहराई दुश्मनी, जमानत पर आते ही बना प्लान
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जब नितिन जेल में था, करीब छह महीने पहले उसके पिता फिरे नागर की हत्या कर दी गई थी। उनका शव घंघौला के खेतों में मिला था। इस मामले में सचिन पर शक जताया गया था। उस समय जेल में होने की वजह से नितिन कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सका, लेकिन रंजिश और गहरी होती गई। करीब छह महीने पहले जब नितिन जमानत पर बाहर आया तो राजेश और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश को अंजाम देने की तैयारी शुरू कर दी गई। पुलिस को घटना से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें पूरी वारदात कैद है। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी जीते का अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाज चल रहा है।
दुकान से लौटते समय हमला, पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि
घटना के दिन गांव लुक्सर निवासी नितिन अपनी ई-रिक्शा एजेंसी से जुड़ा काम निपटाने के बाद शैंपू लेने दुकान गया था। सुबह करीब 11 बजे घर लौटते समय पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे पकड़ लिया। नितिन ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे घर के सामने सड़क पर गिरा दिया। उस पर कई गोलियां चलाई गईं और चाकू से भी हमला किया गया। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीन गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। साथ ही शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले। अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। बुधवार शाम को गांव में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने दो मुठभेड़ों के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पैर में गोली मारकर सेल्फ डिफेंस की कहानी गढ़ने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






