ग्रेटर नोएडा में युवक की हत्या, खून से सनी मिली लाश, मच गया हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 27 Feb, 2026
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के तुस्याना गांव में युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। खून से लथपथ हालत में मनोज उर्फ लालू का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मृतक हरदोई जिले के थाना मझला क्षेत्र के ग्राम चठिया का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान दो लोगों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कहासुनी के बाद हुआ हमला, सिर पर मिले चोट के निशान
बताया जा रहा है कि कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान मनोज और जगवीर भाटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद जगवीर ने मनोज पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी धारदार हथियार या भारी वस्तु से वार किया गया। घटना में प्रयुक्त बाका (धारदार हथियार) बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम को स्पष्ट करने में जुटी है।
आरोपी गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगवीर भाटी को पकड़ लिया। उससे पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की सटीक वजह जानने की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






