नोएडा में खौफनाक वारदात, धारदार हथियार से ड्राइवर की हत्या, कमरे में फैला खून ही खून, जांच में जुटी पुलिस

top-news
नोएडा के सेक्टर-135 डूब क्षेत्र में 45 वर्षीय राकेश यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चार टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। सीसीटीवी और कॉल डिटेल की जांच जारी है।

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित डूब क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बदायूं के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर भी हमले के संकेत मिले हैं। पुलिस मामले को हत्या मानते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।


पत्नी मायके गई थीं, रात में अकेले थे राकेश

जानकारी के मुताबिक राकेश यादव नोएडा में मिक्सर गाड़ी चलाने का काम करते थे और वाजिदपुर गांव के पास एक प्लांट में पत्नी के साथ रह रहे थे। शनिवार को उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं, जिससे वह घर पर अकेले थे। देर रात स्थानीय लोगों ने राकेश के भांजे को सूचना दी कि कमरे के बाहर कुछ संदिग्ध स्थिति दिख रही है। जब राकेश का फोन नहीं उठा, तो भांजा मौके पर पहुंचा और अंदर का दृश्य देखकर परिवार व पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पर कॉल मिलने के बाद एक्सप्रेसवे थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।


धारदार हथियार से हमले की आशंका, चार टीमें गठित

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना Sector 135 के डूब क्षेत्र में हुई है। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि राकेश करीब तीन साल पहले बदायूं से काम की तलाश में नोएडा आए थे। उनके दो बेटे और एक बेटी गांव में रहते हैं। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन दो लोगों पर शक जाहिर किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मोबाइल कॉल डिटेल भी जांची जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *