ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने मारी बाइक सवारों को टक्कर, भाई-बहन के मौत से मचा मातम
- Shiv Kumar
- 02 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जारचा थाना क्षेत्र के अल्ट्राटेक चौकी इलाके में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार सगे भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक टीम मौके पर पहुंची, दोनों की सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
दादरी से लौट रहे थे, जारचा रोड पर हुआ हादसा
मृतकों की पहचान पावली गांव निवासी 35 वर्षीय नवीन और उनकी 18 वर्षीय बहन प्रियांशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों दादरी से अपने गांव लौट रहे थे। जारचा रोड पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कई मीटर दूर जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चालक पर केस दर्ज
घटना Ultratech Chowki के पास हुई। जारचा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य मार्गों पर लगे कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को सामान्य कराया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






