होली को लेकर लोगों में घर जाने की होड़, दकनौर रेलवे स्टेशन पर लगी भारी भीड़, यात्रियों को करना पड़ रहा संघर्ष
- Shiv Kumar
- 02 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा में होली के त्योहार को लेकर घर लौटने वालों की भीड़ इन दिनों दनकौर रेलवे स्टेशन पर साफ नजर आ रही है। पिछले कई दिनों से यात्रियों का रेला लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्टेशन परिसर दिनभर खचाखच भरा रहता है। प्लेटफॉर्म से लेकर फुटओवर ब्रिज तक यात्रियों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। ट्रेनों के आते ही सीट पाने की होड़ मच जाती है और लोगों को डिब्बों में चढ़ने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों श्रमिक और कर्मचारी अपने गृह जनपदों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिसके चलते लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर खासा दबाव बन गया है।
औद्योगिक क्षेत्र से बड़ी संख्या में घर लौट रहे श्रमिक
ग्रेटर नोएडा और आसपास के औद्योगिक इलाकों में कार्यरत श्रमिक बड़ी संख्या में बिहार, पश्चिम बंगाल, लखनऊ, कानपुर समेत अन्य शहरों के लिए रवाना हो रहे हैं। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण जनरल डिब्बों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिल रहा है। कई यात्री सीट न मिलने के बावजूद खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं। टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी हैं और लोगों को टिकट लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ यात्री समय बचाने के लिए जनरल टिकट लेकर ही सफर कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि त्योहार के समय हर साल ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इस बार भीड़ पहले से ज्यादा नजर आ रही है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, अतिरिक्त ट्रेनों की मांग
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें स्टेशन पर तैनात हैं। पुलिसकर्मी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म पर जाने और ट्रेनों में चढ़ने के लिए लगातार अनाउंसमेंट और दिशा-निर्देश दे रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि होली नजदीक आते-आते यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है। यात्रियों ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भीड़ का दबाव कम हो सके और सफर सुगम बन सके। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम करने की बात कह रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






