ग्रेटर नोएडा में फिर बड़ा हादसा, नाले में गिरी तेज रफ्तार कार, ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला, फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू

top-news
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार खुले नाले में गिर गई। फायर टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस लापरवाही और संभावित नशे की हालत में ड्राइविंग के एंगल से जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खुले नाले में जा गिरी। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर जाने वाली सड़क पर, सर्वोत्तम स्कूल के पास हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित बाहर निकल आया। देर रात हुई इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।


आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को निकाला गया

जानकारी के अनुसार, कार चालक सुशील त्यागी गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। सर्वोत्तम स्कूल के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने खुले नाले में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन की सहायता से कार को भी नाले से बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में चालक को गंभीर चोट नहीं पाई गई।


लापरवाही की आशंका, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत होता है। आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे की हालत में था और मोड़ लेने के बजाय सीधे उस स्थान की ओर बढ़ गया, जहां सड़क नाले के पास खत्म हो रही थी। स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना स्थल पर बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर न होने को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि रात के समय वहां पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेत न होने से हादसों का खतरा बना रहता है। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि समय रहते बचाव कार्य पूरा कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *