खाड़ी देशों में फंसे लोगों के लिए गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, पीड़ितों का मांगा गया ब्योरा
- Shiv Kumar
- 03 Mar, 2026
नोएडा। खाड़ी देशों में बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रशासन को आशंका है कि जिले के कई लोग इन देशों में निवास, नौकरी, कारोबार या यात्रा के सिलसिले में मौजूद हो सकते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और त्वरित संपर्क सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। प्रशासन ने अपील की है कि जिन परिवारों के सदस्य खाड़ी देशों में रह रहे हैं, काम कर रहे हैं, यात्रा पर गए हुए हैं, वहां फंसे हुए हैं या हाल ही में लौटे हैं, उनका पूरा विवरण तत्काल साझा किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
परिजनों से मांगा गया पूरा विवरण
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल नागरिकों की सुरक्षा और समन्वय के लिए उठाया गया है। यदि आपके परिवार, रिश्तेदार या परिचितों में से कोई खाड़ी देशों में मौजूद है, तो उसका नाम, पता, संपर्क नंबर और वर्तमान स्थिति की जानकारी संबंधित तहसील या उपजिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराई जा सकती है। प्रशासन द्वारा निर्धारित माध्यम से भी यह सूचना साझा की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि आपात स्थिति में सही और अद्यतन जानकारी होने से राहत और सहायता कार्य तेजी से किए जा सकेंगे। यह सूचना जनहित में तत्काल प्रभाव से जारी की गई है।
इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी प्रकार की जानकारी देने या सहायता प्राप्त करने के लिए नागरिक नीचे दिए गए अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), गौतमबुद्ध नगर: 9870944876
जिला आपदा विशेषज्ञ, गौतमबुद्ध नगर: 8145563077
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






