ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, बिजली का करंट लगने से मजदूर की मौत, परिजनों ने बिजली कार्यालय पर किया प्रदर्शन, मुआवजे और कार्रवाई की मांग
- Shiv Kumar
- 03 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में सोमवार को 11 हजार वोल्ट बिजली का करंट लगने से 38 वर्षीय मजदूर ताज मोहम्मद की मौत हो गई। वह गांव में एक निर्माणाधीन मकान में चिनाई का काम कर रहे थे, तभी दीवार के पास लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग, बिजली घर पर हंगामा
मृतक के परिजनों ने मुआवजे और जिम्मेदार बिजली कर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर भट्टा गांव स्थित बिजली कार्यालय पर शव रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले भी बिजली के खुले तारों के कारण करीब 10 लोग झुलस चुके हैं, लेकिन विभाग ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलने पर दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित मदद और जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






