ग्रेटर नोएडा में होली पर बंब-नगाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन, ग्रामीणों ने चौपाल लगाकर पारंपरिक गीत गाकर मनाया पर्व

top-news
ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में होली पर पारंपरिक बंब-नगाड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने गलियों से चौपाल तक नगाड़े बजाकर उत्सव मनाया। आयोजन में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और इसे सामाजिक एकता व भाईचारे का प्रतीक बताया।

ग्रेटर नोएडा के जुनेदपुर गांव में सोमवार को होली के अवसर पर पारंपरिक बंब-नगाड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी गांव की अलग-अलग टोलियों ने पूरे उत्साह के साथ बंब और नगाड़े बजाकर माहौल को रंगीन बना दिया। बुजुर्गों, युवाओं, बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांव की गलियां ढोल-नगाड़ों की गूंज से भर उठीं और हर तरफ रंग, उमंग और उत्सव का माहौल नजर आया। यह आयोजन न सिर्फ परंपरा का हिस्सा है, बल्कि गांव की पहचान भी बन चुका है।


गलियों से चौपाल तक पारंपरिक धुनों की गूंज

प्रतियोगिता के तहत नगाड़ा वादक गांव की गलियों से होते हुए चौपाल तक पहुंचे। रास्ते भर लोग अपने घरों से निकलकर टोलियों का स्वागत करते रहे। चौपाल पर पहुंचकर सभी टोलियों ने सामूहिक रूप से नगाड़े बजाए और होली के पारंपरिक गीत व चौपाइयां गाईं। इस दौरान पूरा वातावरण लोकधुनों और उत्साह से सराबोर रहा। ग्रामीण सुनील प्रधान और मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल होली पर इसी तरह पूरे गांव को एक मंच पर ले आती है।


भाईचारे और एकता का प्रतीक बना आयोजन

ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। होली के दिन सभी लोग चौपाल पर एकत्र होकर एक-दूसरे को बधाई देते हैं और गीतों के माध्यम से अपनी खुशी साझा करते हैं। इस बार प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में मुन्नीलाल भगत, धीरज नागर, चरण सिंह नागर, संजय प्रधान, सतेंद्र नागर, कमल नागर, बलजीत सिंह, रज्जू, शरदा, कैलाश, ब्रह्म, मांगे प्रधान, बीर सिंह नागर, भवर सिंह, सरजीत, रणपाल नागर, डॉ. कुलदीप नागर, प्रेम प्रधान, प्रताप और मोहित प्रधान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *