नोएडा में प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी, सवा दो करोड़ ठगे, दो साल पहले लिए पैसे, अब तक नहीं की रजिस्ट्री, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
- Shiv Kumar
- 06 Mar, 2026
नोएडा के सेक्टर-63ए में आवासीय भूखंड दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-122 निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने प्लॉट बेचने का झांसा देकर उससे करीब 2.25 करोड़ रुपये ठग लिए। काफी समय तक रजिस्ट्री नहीं होने और पैसा वापस न मिलने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-63 थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने भरोसा दिलाकर पहले भूखंड के कागज दिखाए और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम अपने कब्जे में ले ली, लेकिन बाद में रजिस्ट्री कराने से साफ इनकार करता रहा।
भूखंड दिलाने का वादा कर कराया सौदा
पीड़िता सुनीता चौधरी ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्हें रहने के लिए एक आवासीय भूखंड की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात दिल्ली के न्यू कोंडली निवासी छविराम शर्मा से हुई। आरोपी ने सेक्टर-63ए में करीब 126.45 वर्ग मीटर का आवासीय भूखंड दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने प्लॉट के दस्तावेज दिखाए और दोनों के बीच 2 करोड़ 65 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पीड़िता के मुताबिक उन्होंने 30 जनवरी 2024 को चेक के माध्यम से 10 लाख रुपये दिए। इसके बाद 20 फरवरी 2024 को नोएडा प्राधिकरण में ट्रांसफर मैमोरेंडम भी करा दिया गया। टीएम होने के बाद जब बैनामा कराने की बात आई तो आरोपी ने आधार कार्ड में नाम की गलती का बहाना बनाकर कुछ समय की मोहलत मांगी।
रजिस्ट्री टालता रहा, कई लोगों से भी किया सौदा
पीड़िता का आरोप है कि 3 अप्रैल 2024 को आरोपी ने उनके नाम एक इकरारनामा किया, लेकिन उसमें प्लॉट की कीमत केवल 65 लाख रुपये दिखा दी गई। इस पर आपत्ति जताने पर आरोपी ने दस्तावेजों में गलती होने की बात कही। इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में उनसे करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये ले लिए। बाद में मजबूरी बताकर 15 लाख रुपये और मांग लिए, जो पीड़िता ने दे दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार रजिस्ट्री टालता रहा। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी प्लॉट के नाम पर कई अन्य लोगों से भी इकरारनामा कर रखा है। जब पीड़िता ने अपने 2.25 करोड़ रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने धमकी दी। पुलिस का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






