होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग में मनीष टाइगर्स ने मारी बाजी, मोहित लायंस रोशनपुर को 75 रनों से हराया, अपने नाम किया खिताब

top-news
जेवर के ध्रुव क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग के फाइनल में मनीष टाइगर्स जुनेदपुर ने मोहित लायंस रोशनपुर को 75 रन से हराकर खिताब जीता। सोनू नागर की 59 रन की पारी ने जीत में अहम भूमिका निभाई।

 जेवर क्षेत्र के तालडा स्थित ध्रुव क्रिकेट मैदान पर आयोजित होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला गुरुवार को रोमांचक अंदाज में खेला गया। फाइनल में मनीष टाइगर्स जुनेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहित लायंस रोशनपुर को 75 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह टूर्नामेंट हर साल क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। आयोजन समिति के सदस्य राजू नागर, मनोज मास्टर और मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि फाइनल मुकाबले में रोशनपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया।


मनीष टाइगर्स ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

पहले बल्लेबाजी करते हुए मनीष टाइगर्स जुनेदपुर की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 178 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सोनू नागर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 59 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं कृष नागर ने 40 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम योगदान दिया। मोहित लायंस रोशनपुर की ओर से गेंदबाजी में राहुल शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट झटके और विपक्षी टीम के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।


103 रन पर सिमटी रोशनपुर की टीम

178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहित लायंस रोशनपुर की टीम ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। पूरी टीम 13 ओवरों में 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रविन्द्र ने सर्वाधिक 51 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का सहयोग नहीं मिल सका। मनीष टाइगर्स की ओर से गोपी बिधूड़ी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मनीष नागर और कमल शर्मा ने भी 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि आशीष डागर ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। पूरे टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगाने वाले रविन्द्र को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *