ग्रेटर नोएडा में बस में लगी आग, धुंआ उठता देख कूदकर भागा ड्राइवर, यात्रियों ने भागकर बचाई जान
- Shiv Kumar
- 06 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक रोडवेज बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना कासना-सूरजपुर रोड पर रेडिसन ब्लू होटल के पास हुई। गनीमत रही कि बस चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठने के बाद देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और बस का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा।
बस के अगले हिस्से से उठने लगा धुआं, मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक रोडवेज बस कासना से परी चौक होते हुए नोएडा की ओर जा रही थी। जब बस बीटा-2 थाना क्षेत्र में रेडिसन ब्लू होटल के पास पहुंची, तभी अचानक बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में धुआं आग में बदल गया और बस के सामने से लपटें निकलने लगीं। बस में उस समय कुछ यात्री ही सवार थे। चालक ने स्थिति को समझते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों ने भी बिना घबराए तेजी से बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बस चालक और आसपास मौजूद लोगों ने शुरुआती तौर पर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग तेजी से फैलती देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दे दी गई।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग आसपास के इलाके में फैलने से भी रोक दी गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग बुझा दी गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है और सभी लोग सुरक्षित हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






