नोएडा में जल्द शुरू होंगे स्वैपिंग स्टेशन, किसी भी स्टेशन से ले सकेंगे चार्ज बैटरी, 13 स्थानों पर मार्च के अंत तक पूरा होगा प्रोसेस
- Shiv Kumar
- 07 Mar, 2026
नोएडा शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण शहर में 13 जगहों पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और उम्मीद है कि अगले सात से आठ दिनों में फाइलिंग प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद तय किए गए स्थानों पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन लगाने का काम शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि मार्च के अंत तक इन सभी स्टेशनों को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सुविधा के शुरू होने के बाद इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें लंबे समय तक वाहन चार्ज करने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और कुछ ही मिनटों में बैटरी बदलकर आगे का सफर जारी रख सकेंगे।
हर स्टेशन पर मिलेंगी 44 बैटरियां, तुरंत हो सकेगा स्वैप
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक हर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन पर दो स्वैपिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। इन प्वाइंट्स पर कुल 44 बैटरियां उपलब्ध रहेंगी। अगर किसी इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी खत्म हो जाती है या कमजोर हो जाती है, तो वाहन चालक यहां आकर तुरंत बैटरी स्वैप कर सकेगा। यानी खाली बैटरी देने के बाद उसे तुरंत चार्ज बैटरी मिल जाएगी। जब उसकी पुरानी बैटरी चार्ज हो जाएगी तो वह बाद में उसे वापस ले सकता है। अधिकारियों का कहना है कि इससे खासतौर पर ई-रिक्शा, डिलीवरी बाइक्स और अन्य व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहनों को काफी फायदा मिलेगा। चार्जिंग में लगने वाला समय कम होगा और वाहन ज्यादा देर तक सड़कों पर चल सकेंगे, जिससे परिचालन क्षमता भी बढ़ेगी।
इन सेक्टरों में बनेंगे बैटरी स्वैपिंग स्टेशन
प्राधिकरण ने शहर के कई व्यस्त इलाकों को बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के लिए चिन्हित किया है। शुरुआती चरण में सेक्टर-6, सेक्टर-29, सेक्टर-25ए, सेक्टर-24, सेक्टर-63, सेक्टर-16ए, सेक्टर-16, सेक्टर-15, सेक्टर-58, सेक्टर-61 और सेक्टर-15 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के पास ये स्टेशन बनाए जाएंगे। सेक्टर-63 में दो अलग-अलग स्थानों पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। हाल ही में इस परियोजना के लिए तीन कंपनियों ने अपना प्रेजेंटेशन दिया था और उनमें से एक एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
शहर में 81 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे
नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए प्राधिकरण कई योजनाओं पर काम कर रहा है। बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों के साथ-साथ शहर में 81 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे। इससे पहले ईएसएसएल के माध्यम से लगाए गए 69 चार्जिंग स्टेशनों की समीक्षा की गई थी, जिसमें पाया गया कि उनका कवरेज और प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक नहीं है। इसके बाद नए सर्वे में शहर भर में करीब 150 संभावित स्थानों की पहचान की गई है, जहां भविष्य में चार्जिंग स्टेशन लगाए जा सकते हैं। इसके लिए जल्द ही ईओआई जारी करने की तैयारी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






