किस्त के पैसे को लेकर विवाद, बेटे ने की बाप की हत्या, सिर पर मार दी लोहे की रॉड, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

top-news
नोएडा के एक्सप्रेसवे क्षेत्र में बेटे ने किस्त के पैसे को लेकर हुए विवाद में पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक 1 मार्च को यमुना डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान राकेश के रूप में हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि राकेश के सिर पर गहरे घाव थे और उन पर ट्रैक्टर को जोड़ने वाली पतली रॉड से हमला किया गया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे सतेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड भी बरामद कर ली है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि मामूली विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।


किस्त के पैसे को लेकर हुआ था झगड़ा

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि राकेश ने अपने बेटे सतेंद्र के लिए एक कार ईएमआई पर खरीदकर दी थी। सतेंद्र उस कार को चलाकर किस्त की रकम चुका रहा था। 28 फरवरी को कार की ईएमआई जमा करनी थी। इसी को लेकर राकेश ने अपने बेटे से किस्त का पैसा मांगा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। झगड़े के दौरान गुस्से में आए सतेंद्र ने पास में रखी ट्रैक्टर को जोड़ने वाली पतली पिन रॉड उठाकर अपने पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और अधिक खून बहने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार

घटना को अंजाम देने के बाद सतेंद्र वहां से फरार हो गया। बाद में पुलिस को इस घटना की सूचना मिली और मामले की जांच शुरू की गई। मृतक के पिता गिन्दर निवासी ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने कई सुराग जुटाए और आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।


लेबर चौक से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सतेंद्र कुमार को छपरौली लेबर चौक, सेक्टर-168 से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *