फर्जी कागजात से कर दिया बड़ा कांड, एक करोड़ कीमत की जमीन हड़पी, प्राधिकरण के कर्मचारी समेत चार पर मुकदमा दर्ज

top-news
ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनाकर करीब एक करोड़ रुपये के प्लॉट पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राधिकरण कर्मचारी समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में फर्जी कागजात तैयार कर करीब एक करोड़ रुपये कीमत के प्लॉट पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एक कर्मचारी सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पप्पू उर्फ मयूर नागर, जो सैनी गांव के रहने वाले हैं, का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2023 में गांव के ही तीन सगे भाइयों से 990 वर्ग मीटर का एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट खरीदने के दौरान उन्होंने तीनों भाइयों के बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे।


प्राधिकरण कर्मचारी से मिलीभगत का आरोप

पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2024 में उन्हें एक परिचित के जरिए जानकारी मिली कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तैनात कर्मचारी सुभाष ने किसानों के साथ मिलकर प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार करा दिए हैं। जब पप्पू नागर ने इस मामले की जानकारी लेने के लिए प्राधिकरण में संपर्क किया, तो उन्हें पता चला कि दादरी निवासी सोनू खान और नया गांव निवासी प्रवीन ने उस प्लॉट की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने नाम करा ली है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने इस प्लॉट के लिए पहले ही पूरी रकम चुका दी थी, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश कर फर्जी कागजात तैयार कराए और प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की।


बात करने बुलाया, फिर मारपीट और धमकी

पप्पू नागर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपियों से इस मामले में बातचीत करनी चाही, तो उन्हें जगनपुर गांव के पास स्थित एक सीएनजी पंप पर बुलाया गया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ईकोटेक-1 थाना प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *