रास्ते में महिला के साथ अश्लील हरकत कर रहा था मनचला, पति ने रोका तो ईंट से सिर फोड़ा, अश्लील तस्वीरें वायरल करने की दी धमकी, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 09 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में एक महिला से अभद्रता का विरोध करने पर उसके पति पर ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने सोमवार को दनकौर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक लंबे समय से महिला को ब्लैकमेल कर रहा था और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बना रहा था। घटना के बाद इलाके में भी काफी चर्चा का माहौल है।
अश्लील तस्वीरें लेकर कर रहा था ब्लैकमेल
पीड़ित महिला ने बताया कि वह पहले ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में काम करती थीं। उसी कंपनी में काम करने वाले एक युवक ने कुछ महीने पहले उन्हें डरा-धमकाकर उनकी अश्लील तस्वीरें ले ली थीं। इसके बाद आरोपी लगातार उन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने लगा। इससे परेशान होकर महिला ने वह कंपनी छोड़ दी और दनकौर कस्बे में एक अन्य व्यक्ति के घर काम करने लगी। हालांकि नौकरी बदलने के बाद भी आरोपी महिला का पीछा करता रहा और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर गलत काम करने का दबाव बनाता रहा। महिला के अनुसार, वह काफी समय से इस परेशानी से जूझ रही थी और आरोपी की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान थी।
विरोध करने पर पति पर ईंट से हमला
सोमवार को जब महिला काम से लौट रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अभद्रता की और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। इसी दौरान महिला का पति वहां पहुंच गया और उसने आरोपी की हरकत का विरोध किया। विरोध से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में युवक पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद परिजन घायल युवक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
महिला ने यह भी बताया कि कुछ महीने पहले आरोपी ने उस पर भी ईंट से हमला किया था। दनकौर कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






