ग्रेटर नोएडा में BBA छात्र को गोली मारने वाला गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 09 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में बीबीए छात्र को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। यह घटना 3 मार्च की रात की है, जब भट्टा गांव निवासी बीबीए छात्र आकाश पर फायरिंग की गई थी। गोली लगने से आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
विवाद के बाद रास्ते में घेरकर की फायरिंग
मामले में आकाश के चचेरे भाई अचल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 3 मार्च की रात पड़ोस में रहने वाले अमित, सचिन और कुछ अन्य लोगों के साथ उनका विवाद हो गया था। विवाद के बाद पीड़ित पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए दनकौर कोतवाली पहुंचा था। शिकायत देकर लौटते समय आरोप है कि आरोपी पक्ष ने रास्ते में उन्हें घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी और लाठी-डंडों से भी हमला किया। इस दौरान आकाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अमित, सचिन और भूपेंद्र सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में मुख्य आरोपी अमित घटना के बाद से फरार चल रहा था। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






