ग्रेटर नोएडा में NSS का 7 दिवसीय शिविर, साइबर क्राइम से बचाव के बताए गए उपाय, पुलिस ने OTP शेयर न करने की दी सलाह

top-news
ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज के एनएसएस शिविर में सलारपुर गांव में मतदान जागरूकता रैली और साइबर क्राइम संगोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव और ओटीपी साझा न करने की महत्वपूर्ण सलाह दी।

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में स्थित श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन सोमवार को सलारपुर गांव में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वयंसेवकों ने समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। दिन की शुरुआत श्रमदान के साथ हुई, जिसमें एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए मतदान जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान छात्रों ने नारे लगाकर लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की अपील की।


साइबर क्राइम से बचाव को लेकर दी गई अहम जानकारी

शिविर स्थल पर आयोजित संगोष्ठी में मतदान जागरूकता के साथ-साथ साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में थाना दनकौर के उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह और एसआई विनीत दुबे मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। छात्रों को विशेष रूप से यह सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) साझा न करें और संदिग्ध फोन कॉल या लिंक से सावधान रहें। पुलिस अधिकारियों ने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूकता को सबसे बड़ा हथियार बताया।


नुक्कड़ नाटक और कविता के जरिए दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स और अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है और हर नागरिक को अपने मताधिकार का सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे समाज में जागरूकता फैलाने के लिए आगे आएं और लोगों को मतदान के महत्व के बारे में बताएं। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास किया। इन प्रस्तुतियों के जरिए मतदान के महत्व और साइबर अपराध से बचाव का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *