ग्रेटर नोएडा में एमपी के तीन हलवाई जहरखुरानी का शिकार, नशीले बिस्किट खिलाकर तीन लाख रुपये लूटे, घर जाते समय हुआ कांड

top-news
ग्रेटर नोएडा के जेवर में बस यात्रा के दौरान तीन हलवाई युवकों को नशीला बिस्कुट खिलाकर 2.77 लाख रुपये लूट लिए गए। घटना दिसंबर 2025 की है। अब मामला जेवर थाने में ट्रांसफर होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में जहरखुरानी का मामला सामने आया है, जहां बस में सफर कर रहे तीन हलवाई युवकों को नशीला बिस्कुट खिलाकर 2.77 लाख रुपये लूट लिए गए। यह घटना दिसंबर 2025 की बताई जा रही है, जब तीनों युवक दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद अब जेवर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़ित युवक मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले हैं और दिल्ली में हलवाई का काम करते हैं। तीनों अपनी मेहनत की कमाई लेकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अपना शिकार बना लिया।


ढाबे पर बातचीत के बाद दिया नशीला बिस्कुट

मुरैना जिले के बालकी पुरा कुरैठा गांव निवासी रामस्वरूप शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई शिवस्वरूप उर्फ गोलू दिल्ली में हलवाई का काम करते हैं। 16 दिसंबर 2025 को शिवस्वरूप अपने दो साथियों जितेंद्र और राजवीर के साथ दिल्ली से अपने गांव लौट रहे थे। तीनों युवक खिरली महुआ जाने वाली बस में सवार थे। देर रात करीब एक बजे बस जेवर टोल के पास स्थित शिवा ढाबा पर रुकी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे बातचीत करने लगा और दोस्ती का दिखावा करते हुए उन्हें बिस्कुट खाने के लिए दिए। बिस्कुट खाने के कुछ देर बाद ही तीनों युवकों को चक्कर आने लगे और वे बेहोश हो गए। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने उनके पास रखी नकदी लेकर फरार हो गया।


बेहोशी की हालत में मिले युवक, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ितों के अनुसार, शिवस्वरूप के पास करीब 1.50 लाख रुपये, जितेंद्र के पास 57 हजार रुपये और राजवीर के पास 70 हजार रुपये थे। इस तरह कुल मिलाकर 2.77 लाख रुपये की नकदी लूट ली गई। जब बस खिरली महुआ पहुंची तो तीनों युवक सीट पर बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, इस मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट मध्यप्रदेश में दर्ज कराई गई थी। हालांकि घटना जेवर क्षेत्र में होने के कारण केस को अब जेवर थाना क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। जेवर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *