यमुना प्राधिकरण में अधिकारियों संग किसानों की बैठक, प्लॉट आवंटन और मुआवजे को लेकर अफसरों ने दिया आश्वासन
- Shiv Kumar
- 10 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में इंटरचेंज परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक Bharatiya Kisan Union (अराजनीतिक मंच) के बैनर तले जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा हतेवा के नेतृत्व में हुई, जिसमें जगनपुर-दनकौर इंटरचेंज परियोजना से प्रभावित सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसानों ने अधिकारियों के सामने प्लॉट आवंटन, मुआवजे और विकास कार्यों से जुड़ी लंबित समस्याओं को उठाया। बैठक में यमुना प्राधिकरण के अधिकारी भी मौजूद रहे और किसानों की समस्याओं को सुनते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित किसानों को प्लॉट आवंटन और मुआवजे की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
किसानों को प्लॉट आवंटन का दिया गया भरोसा
बैठक के दौरान यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह ने किसानों को परियोजना से जुड़ी मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगनपुर-दनकौर इंटरचेंज परियोजना से कुल 135 किसान प्रभावित हुए हैं। इनमें से अब तक 75 किसानों को आवासीय प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष किसानों को भी जल्द राहत दी जाएगी। उनके अनुसार करीब 65 किसानों को एक सप्ताह के भीतर प्लॉट आवंटित कर दिए जाएंगे। जिन किसानों की औपचारिकताएं अभी पूरी नहीं हुई हैं, उन्हें संबंधित विभाग की ओर से सूचित किया जा चुका है, ताकि प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके। इसके साथ ही किसानों को यह भी बताया गया कि बकाया मुआवजे की राशि जल्द जारी की जाएगी, जिससे प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
मुआवजा और विकास कार्यों पर भी दी जानकारी
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि किसानों को मिलने वाले 64.7 प्रतिशत मुआवजे की शेष राशि करीब 15 दिनों के भीतर उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी। इससे किसानों की लंबे समय से चली आ रही आर्थिक समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। सीनियर मैनेजर राजेंद्र भाटी ने बताया कि प्रस्तावित आवासीय भूखंडों के विकास का काम मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन गांवों में प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य चल रहे हैं, उन्हें भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने अधिकारियों से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री बॉबी नागर ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर तहसील से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तहसील परिसर में बड़ी पंचायत आयोजित की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






