ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट मैच के दौरान मारपीट का मामला, 17 लोगों पर केस दर्ज, घर में घुसकर महिलाओं से की थी अभद्रता, फिर रॉड से हमला
- Shiv Kumar
- 11 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला कंचन गांव में क्रिकेट मैच के दौरान शुरू हुआ विवाद बाद में मारपीट तक पहुंच गया। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नगला कंचन गांव के निवासी आकाश ने बताया कि सोमवार को गांव में क्रिकेट मैच का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। मैच के दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के साथ कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मैदान में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था और मैच भी खत्म हो गया था। लेकिन शाम होते-होते यह विवाद फिर से बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
शाम को घर पहुंचकर किया हमला
पीड़ित आकाश का आरोप है कि शाम के समय गांव चांदन के रहने वाले भारतपाल, अमित, सुमित, ऋषि, धनेश, सुरेंद्र, मुकेश, राकेश, नीरज, नरेंद्र समेत करीब 17 लोग एक साथ मुकेश के घर पहुंच गए। वहां पहुंचकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। परिवार के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कुछ लोगों को चोटें भी आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने 17 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद 17 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। जो भी आरोपी फरार हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






