नोएडा में मचा हाहाकार, बिजली मीटर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में लगी भीषण आग, बिल्डिंग में फंसे लोगों को बचाया, आग बुझाने की कवायद जारी

top-news
नोएडा के सेक्टर-4 में बिजली मीटर बनाने वाली कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया। कुछ लोग घायल हुए हैं।

नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालने के लिए दमकलकर्मियों ने अभियान चलाया। यह घटना थाना फेज-1 क्षेत्र के बी-40, सेक्टर-4 में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड कंपनी में हुई, जहां बिजली के मीटर बनाए जाते हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के साथ-साथ अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया।


दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

दमकल विभाग के अनुसार आग काफी तेजी से फैली थी, इसलिए अतिरिक्त संसाधन बुलाने पड़े। मौके पर आधा दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। बचाव अभियान के दौरान कुछ कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। दमकल कर्मियों ने समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया।


अधिकारियों की निगरानी में राहत कार्य जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और राहत कार्य तेज कर दिया गया है। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग काफी भीषण थी और उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *