ग्रेटर नोएडा में युवक को उधारी मांगना पड़ा भारी, दबंगों ने किया ईंट से हमला, पीड़ित का सिर फटा, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 12 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर ईंट से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला दनकौर क्षेत्र के मिलक गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मामूली रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया और आरोपी ने हमला कर दिया। फिलहाल घायल युवक का ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
1500 रुपये मांगने पर हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में मिलक गांव निवासी जावेद ने बताया कि उसके पड़ोसी पर 1500 रुपये उधार थे। मंगलवार रात वह अपने पैसे लेने के लिए आरोपी के घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जावेद के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर जावेद का भाई जाहिद भी मौके पर पहुंच गया और दोनों के बीच चल रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश करने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे भाई पर किया हमला
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर जाहिद के सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में जाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार के लोग उसे तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत दनकौर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






